अंतागढ़ : नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
अंतागढ़।
ग्राम नकटी में प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई और करीब 80 परिवारों को बेघर करने के मामले ने अब पूरे राज्य भर में राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ द्वारा आज नगर के नयापारा राजीव गांधी चौक में विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।

बारिश के मौसम में बेघर करने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नकटी ग्राम में वर्षों से, पीढ़ी-दर-पीढ़ी रह रहे स्थानीय निवासियों को अवैध अतिक्रमण के नाम पर बलपूर्वक निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान का हवाला देते हुए कहा कि जब भी बरसात का मौसम आता है, भाजपा सरकार को सिर्फ तोड़फोड़ सूझती है। इस विपरीत परिस्थिति और भारी बारिश के बीच लोगों के आशियाने उजाड़ना बेहद निंदनीय है।
स्वार्थवश की गई कार्रवाई: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुछ लोगों के निजी स्वार्थों को पूरा करने के लिए प्रशासन ने जल्दबाजी में इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे 80 से अधिक परिवार बेघर हो गए हैं। पुतला दहन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि वे इस दमनकारी नीति के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे और पार्टी के निर्देशानुसार आगे भी इसका पुरजोर विरोध जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर, जिला महामंत्री विश्राम सिंह गावड़े विधानसभा प्रत्याशी रहे कांग्रेस के युवा नेता रूपसिंह पोटाई, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अखिलेश चंदेल, गुड्डा नेताम, दिलीप बघेल, राकेश गुप्ता, अनिष खान सहित वरिष्ठ व कनिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे

