अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ाराजधानीराजनीतिरायपुर

अंतागढ़ थाना प्रभारी के दुर्व्यवहार के खिलाफ पत्रकारों का धरना दूसरे दिन भी जारी

:

थाना प्रभारी के तत्काल तबादले पर अड़ा पत्रकार संघ; समर्थन में प्रदेशभर से जुट रहे मीडियाकर्मी, आज सांसद भोजराज नाग भी पहुंचेंगे धरना स्थल

अंतागढ़। थाना प्रभारी के कथित दुर्व्यवहार और तानाशाही रवैये के खिलाफ स्थानीय पत्रकार संघ का आक्रोश फूट पड़ा है। कल से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी पूरी ताकत के साथ जारी है। रात भर धरना स्थल पर डटे रहने के बाद पत्रकारों का हौसला और बुलंद नजर आ रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने अब साफ कर दिया है कि जब तक थाना प्रभारी का तत्काल प्रभाव से तबादला नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

तबादले की मांग पर अड़ा संघ

पत्रकार संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति थाना प्रभारी का रवैया अत्यंत अनुचित, अपमानजनक और असहयोगपूर्ण रहा है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जायज मुद्दों और खबरों के सिलसिले में बात करने पर भी थाना प्रभारी का रुख नकारात्मक रहता है, जो प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा आघात है। अब संघ की केवल एक सूत्रीय मांग है—थाना प्रभारी को तत्काल यहां से हटाया जाए।

प्रदेशभर से मिल रहा समर्थन, आंदोलन हुआ तेज

अंतागढ़ में बैठे पत्रकारों के इस आंदोलन की गूंज अब पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। स्थानीय पत्रकारों के स्वाभिमान की इस लड़ाई को समर्थन देने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ मीडियाकर्मी लगातार धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। बाहरी क्षेत्रों से आ रहे भारी समर्थन ने इस स्थानीय आंदोलन को एक बड़े प्रांतीय आंदोलन का रूप दे दिया है।

सांसद भोजराज नाग भी आज पहुंचेगे धरना स्थल

धरना स्थल से मिल रही ताजा जानकारी के अनुसार, इस संवेदनशील मामले में अब राजनीतिक और सामाजिक गलियारों से भी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग आज खुद धरना स्थल पर पहुंचने वाले हैं। वे पीड़ित पत्रकारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और इस आंदोलन को अपना समर्थन देंगे। सांसद के आगमन की खबर से पत्रकारों का मनोबल और बढ़ गया है, वहीं पुलिस और प्रशासन के महकमे में हलचल तेज हो गई है। धरना स्थल पर मौजूद पत्रकारों का कहना है कि जब तक प्रशासन इस मामले में उचित और दंडात्मक कार्रवाई (तबादला) नहीं करता, उनका यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन दिन-रात इसी तरह जारी रहेगा।