मेरी सुरक्षा, मेरा अधिकार’ को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
अंतागढ़। ‘मेरी सुरक्षा मेरा अधिकार’ जागरूकता अभियान के तहत शहीद राजेश पवार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंतागढ़ में जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा छात्राओं के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, बालिकाओं से जुड़ी समस्याओं, आसपास के वातावरण में सुरक्षा, साइबर अपराध तथा ऑनलाइन जालसाजी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

प्राचार्य चंदन सिंह ठाकुर के आदेश तथा जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी रुद्रप्रताप सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता राजरत्ना मौर्य, हरदीप कौर, शिक्षिका गोदावरी गौर, करिश्मा ठाकुर, प्रियंका सहारे, झरना साहू, गीतिका नाग, सुप्रिया उइके एवं सुनीता पवार ने छात्राओं को आवश्यक जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने शरीर पर अधिकार है और उसकी अनुमति के बिना कोई भी ऐसा स्पर्श नहीं कर सकता, जिससे उसे डर, असहजता या बुरा महसूस हो। छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बताया गया कि असहज या गलत स्पर्श की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल आवाज उठानी चाहिए।

छात्राओं को ऐसी स्थिति में ‘नहीं’ कहने, वहां से दूर जाने और किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी परिजनों या संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को देने की समझाइश दी गई। महिला पुलिस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी छात्राओं को दी गई।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने गलत स्पर्श के खिलाफ आवाज उठाने, स्वयं जागरूक रहने तथा परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य महिलाओं एवं बच्चों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

