अंतागढ़कांकेरराजनीतिरायपुर

आसमान से बरसा मौत..! आकाशीय बिजली गिरने से उप सरपंच सहित 3 की मौत, 5 घायल

अंतागढ़, कांकेर। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कलगाँव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। मनरेगा के तहत तालाब निर्माण कार्य में लगे ग्रामीण अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे गांव के उप सरपंच सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कलगाँव में रोजगार गारंटी योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह लगभग 6 बजे 50 से अधिक ग्रामीण कार्यस्थल पर मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और बिजली की चमक से बचने के लिए कई ग्रामीण पास ही स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से ग्राम के उप सरपंच धनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में हड़कंप मच गया। घायल ग्रामीणों को तत्काल उपचार के लिए अंतागढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और शोकाकुल माहौल बना हुआ है।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। राजस्व, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता प्रदान करने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था किए जाने की बात कही जा रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे शरण लेने के खतरों को उजागर करता है। मौसम विशेषज्ञों द्वारा भी खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती रही है।