सूखा पेड़ हादसे को दे रहा न्योता, जिम्मेदार विभाग से तत्काल हटाने की मांग
अंतागढ़। नगर के राजीव गांधी चौक स्थित महावीर टाटिया वस्त्रालय के सामने एक बड़ा पेड़ पूरी तरह सूख चुका है। पेड़ की स्थिति ऐसी है कि कभी भी टूटकर मुख्य सड़क पर गिर सकता है। ऐसे में यह पेड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।राजीव गांधी चौक अंतागढ़ का प्रमुख एवं हमेशा चहल-पहल वाला क्षेत्र है। इसके आसपास कपड़ा दुकानों के साथ किराना दुकानें, होटल सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में सड़क किनारे खड़ा यह सूखा और कमजोर पेड़ कभी भी तेज हवा या बारिश के दौरान गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सूखे पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि राहगीरों, दुकानदारों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उक्त सूखे पेड़ को यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया और पेड़ गिरने से कोई गंभीर हादसा हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

