मावा मोदोल लाइब्रेरी और नवीन तहसील कार्यालय का हुआ लोकार्पण
सांसद भोजराज नाग एवं विधायक विक्रम देव उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम, शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी नई गति
अंतागढ़। क्षेत्रवासियों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय से प्रतीक्षित मावा मोदोल लाइब्रेरी एवं नवीन तहसील कार्यालय का लोकार्पण सांसद भोजराज नाग के मुख्य आतिथ्य तथा विधायक विक्रम देव उसेंडी के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और नगर के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

लोकार्पण के बाद अतिथियों ने नवीन भवनों का अवलोकन किया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दोनों संस्थान अंतागढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि नवीन तहसील कार्यालय के प्रारंभ होने से राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी आएगी तथा लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं मावा मोदोल लाइब्रेरी विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अध्ययन और ज्ञान का सशक्त केंद्र बनेगी।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश निषाद, डीएमसी नवनीत पटेल, एसडीएम राहुल रजक, अपर कलेक्टर पैकरा, तहसीलदार वीरेंद्र नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यों को आवश्यक बताते हुए शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने की बात कही।

समारोह में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। लोगों ने इसे अंतागढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि इन दोनों संस्थानों से शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं को नई दिशा मिलेगी

ये होगा लाभ
- विद्यार्थियों को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी।
- नवीन तहसील कार्यालय शुरू होने से राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी आएगी।
- क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधाजनक प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
- शिक्षा और प्रशासनिक आधारभूत संरचना मजबूत होने से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

