अंतागढ़कांकेर

मानवता की अनूठी मिसाल: अंतागढ़ में विशाल रक्तदान शिविर, 55 लोगों ने किया रक्तदान; पुलिस ने हेलमेट देकर किया सम्मानित

यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत अंतागढ़ पुलिस और लाइफ सेवर्स ग्रुप की बड़ी पहल

अंतागढ़।
विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में नगर के सामुदायिक भवन में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस शिविर में मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, समाजसेवियों और नागरिकों ने भारी उत्साह दिखाते हुए कुल 55 यूनिट रक्त संग्रह कराया।

रक्तदाताओं को मिला ‘सुरक्षा का कवच’ (हेलमेट)

इस शिविर की सबसे खास बात यह रही कि रक्तदान करने वाले सभी 55 नागरिकों को अंतागढ़ पुलिस और लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा प्रोत्साहित करने के लिए हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस प्रशासन का यह कदम न सिर्फ रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम बना, बल्कि इसके जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा का दोहरा संदेश भी दिया गया।

रक्तदान के साथ यातायात जागरूकता की पाठशाला

शिविर के दौरान अंतागढ़ पुलिस द्वारा एक विशेष यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। उपस्थित नागरिकों और वाहन चालकों को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया।

इन नियमों के प्रति किया गया जागरूक:

  • दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना।
  • चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग करना।
  • नशे की हालत में वाहन न चलाना और निर्धारित गति सीमा का पालन करना।
  • वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य वैध दस्तावेज हमेशा साथ रखना।

भ्रांतियां दूर कर बताया रक्तदान का महत्व

शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों और पुलिस टीम ने नागरिकों को रक्तदान से जुड़े स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए नियमित रक्तदान करने की अपील की।
अंतागढ़ पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को जोड़ने तथा समाज में एक सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है, और आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।