रक्तदान आज, ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आज और कल, रक्तदाताओं को हेलमेट देकर किया जाएगा सम्मानित
अंतागढ़। सामाजिक संस्था लाइफ सेवर्स ग्रुप एवं अंतागढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 15 एवं 16 जून 2026 को सामुदायिक भवन, नयापारा नगर पंचायत के बाजू में दो दिवसीय रक्तदान एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति नागरिकों को प्रेरित करना है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी इच्छुक नागरिकों को हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। संस्था का मानना है कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। शिविर के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी विभिन्न सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसमें लर्निंग लाइसेंस बनवाने हेतु मार्गदर्शन, स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए सहायता, एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) संबंधी जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता प्रदान की जाएगी।
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं एवं वाहन चालकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने तथा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकता है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9713325008 एवं 9685503107 पर संपर्क किया जा सकता है।

