अंतागढ़कांकेरराजधानीराजनीतिरायपुर

अंतागढ़ अपर कलेक्टर पदस्थापना को लेकर पूर्व विधायक अनूप नाग ने सरकार पर साधा निशाना

कहा—प्रदेश की भाजपा सरकार पदस्थापना के मामले में कर रही है भेदभाव, जनता को हो रही परेशानी

अंतागढ़। पूर्व विधायक अनूप नाग ने अंतागढ़ में अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की पदस्थापना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। 15 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में अंतागढ़ में अपर कलेक्टर सहित अधिकारियों की पदस्थापना को प्राथमिकता दी जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद यहां अपर कलेक्टर की पदस्थापना रायपुर से बंद हो गई है। अनूप नाग ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में अंतागढ़ के कोयलीबेड़ा, फूलपाड़, बेहसालमेटा, सेमसांग, बांदेपारा, विक्रकोड़ा, अड़्री, परलकोट सहित दुर्गम क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया गया था। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान अंतागढ़ मुख्यालय में अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की मांग उनके द्वारा मंच से रखी गई थी, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया था। इसके बाद दोनों अधिकारियों की पदस्थापना अंतागढ़ में हुई थी।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की पदस्थापना रायपुर से लगातार होती रही, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद यह व्यवस्था समाप्त हो गई। उनका कहना है कि वर्तमान में अपर कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के लिए स्थानीय स्तर पर स्थायी निवास की व्यवस्था को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित पहल नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश सरकार का तीन बजट सत्र पूरा हो चुका है, तो अंतागढ़ जैसे क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी इस मामले को राज्य सरकार के समक्ष उठाने की मांग की।

अनूप नाग ने भाजपा सरकार पर क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंतागढ़ में तहसील कार्यालय की व्यवस्था कांग्रेस शासनकाल में की गई थी, लेकिन उसके लिए भी भाजपा नेताओं द्वारा श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन दावों और वास्तविक कार्यों के बीच अंतर समझ चुकी है। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से अंतागढ़ में अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी की पदस्थापना किए जाने तथा क्षेत्र की प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए।