अंतागढ़कांकेररायपुर

विश्व पर्यावरण दिवस पर अंतागढ़ में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

अंतागढ़, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को अंतागढ़ स्थित गोंडवाना भवन एवं खड़कादांड़ (गोठान) परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश उइके, लक्ष्मण ठाकुर, भाजपा कार्यकर्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सभी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्ष वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे वायु शुद्ध होती है। इसके अलावा वृक्ष जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने, जैव विविधता के संरक्षण तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होते हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश उइके ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।वन विभाग के अधिकारियों ने भी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षों के महत्व की जानकारी दी तथा हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा एवं स्वच्छ एवं हरित अंतागढ़ के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा ।