अंतागढ़कांकेररायपुरशिक्षा

बालवाड़ी प्रभारी शिक्षकों की समीक्षा बैठक में लैंगिक समानता पर हुई चर्चा

अंतागढ़। विकासखंड अंतागढ़ के बीआरसीसी भवन में 16 स्कूलों के बालवाड़ी प्रभारी शिक्षकों एवं पीएम श्री विद्यालय के 3 शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं खंड स्रोत समन्वयक रविशंकर ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में विकासखंड की 19 संचालित बालवाड़ियों की गतिविधियों, प्रगति और चुनौतियों पर चर्चा की गई।

बैठक में आह्वान ट्रस्ट के जिला समन्वयक लक्ष्मण मालवीय ने पिछले तीन माह में आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं सहायक जिला समन्वयक अमित साहू ने लैंगिक समानता पर प्रकाश डालते हुए बालवाड़ी में लड़के और लड़कियों को समान अवसर देने, भेदभाव रहित व्यवहार तथा समावेशी वातावरण बनाने पर जोर दिया। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। बैठक के अंत में शिक्षकों को नियमित कक्षा संचालन और बच्चों की बुनियादी दक्षताओं से जुड़े निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बालवाड़ी प्रभारी शिक्षक एवं संबंधित समन्वयक उपस्थित रहे।