अंतागढ़कांकेररायपुर

जनपद पंचायत अंतागढ़ की सामान्य सभा में 29 पेंशन आवेदनों सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

कृषि, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, लोक निर्माण सहित 12 विभागों के कार्यों की दी गई जानकारी, निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

अंतागढ़। जनपद पंचायत अंतागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मंडावी की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर 2026 को सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद पंचायत के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्र में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि अधिकारी मोहर लाल सोरी ने मुख्यमंत्री सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली राशि की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी जागेश्वर परते ने विभागीय योजनाओं, महतारी वंदन योजना तथा मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवीन योजना ‘लड़का 51’ के तहत 51 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं रेडी-टू-ईट योजना से संबंधित प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने विभाग में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि विकासखंड अंतागढ़ में शासकीय कॉलेज में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। जनपद सदस्य मंगल हिड़को ने आगामी बैठक में निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उद्यानिकी विभाग ने संचालित निर्माण एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी। मत्स्य विभाग की मत्स्य निरीक्षक श्रीमती पवार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मछली वितरण सहित अन्य योजनाओं का लाभ किसानों को दिया जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारी ने जानकारी दी कि अंतागढ़ की ग्राम पंचायतों में तीन स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर अभी तक बिजली आपूर्ति प्रारंभ नहीं हुई है।पशुधन विभाग ने बताया कि विकासखंड अंतागढ़ में पशुओं के टीकाकरण के लिए गांवों के पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने की समझाइश दी जा रही है। वन विभाग ने तेंदूपत्ता बीमा योजना, महेंद्र कर्मा बीमा योजना, छात्रवृत्ति, वनाधिकार पट्टा, वृक्षारोपण तथा क्षतिपूर्ति राशि भुगतान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष मनोरमा मंडावी ने निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि विकासखंड में संचालित नलजल योजना के तहत 232 गांवों में कार्य प्रगतिरत है, जबकि 155 गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है।

बैठक में सामाजिक सहायता योजना के अंतर्गत पेंशन के पात्र हितग्राहियों के आवेदनों पर भी चर्चा की गई। इनमें मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 29, राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 2, राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 2, राष्ट्रीय सुखद सहारा पेंशन योजना का 1 तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 2 आवेदन शामिल थे। इन सभी आवेदनों को बैठक में अनुमोदित किया गया। बैठक के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अंतागढ़ ने विकासखंड अधिकारी को आगामी सामान्य सभा की बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।