सरदार पटेल की जयंती पर एसएसबी ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, निकाली बाइक रैली
अंतागढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को 28वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अंतागढ़ एवं अधीनस्थ सीओबी तुमापाल, कोसरोंडा, गोंडबिनापाल, खोड़गांव, अंजरेल एवं महादेवटॉप में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद वाहिनी मुख्यालय से मोटरसाइकिल रैली एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसबी जवानों के साथ स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी भाग लिया। तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान जवानों ने विद्यार्थियों से संवाद कर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का महत्व बताया। द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एसएसबी देश की सुरक्षा के साथ सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।इस आयोजन के माध्यम से जवानों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच देशभक्ति, आपसी एकता और राष्ट्रसेवा का संदेश प्रसारित किया गया।

